मसालों में बड़ी इलायची का नाम अग्रणी है। वैसे तो हर मसाला कीमती होता है, फिर भी बड़ी इलायची को विश्व का तीसरा सबसे महंगा मसाला माना गया है। यानी इसकी कीमत केसर से भी अधिक है। नेपाल में इसका सबसे ज्यादा उत्पादन होता है। इसके अलावा हमारे देश में भी इसकी खेती की जाती है। बड़ी इलायची औषधीय गुणों से भरपूर है। तो चलिए आज हम बात करते हैं बड़ी इलायची की खेती के बारे में…

1. खेती का समय

बड़ी इलायची की खेती मुख्यत: जुलाई महीने में करना चाहिए। इसके अलावा यदि आप नवंबर से दिसंबर महीने में भी इसकी खेती करना चाहते हैं तो उपयुक्त होगा।

2. तैयारी

बड़ी इलायची की खेती के लिए पहले खेत को तैयार करना होगा। इसके लिए आप खेत की जुताई करें। इसके बाद चारों तरफ मेड़ बना लें, ताकि बारिश का पानी एकत्रित हो जाए। इससे सिंचाई की बचत होगी। पौधा लगाने से 15-20 दिन पहले खेत की तैयारी कर लेनी चाहिए।

3. आसपास छायादार पौधे रोपें

बड़ी इलायची की खेती के लिए आप जब खेत तैयार करें तो छायादार फलों वाले पौधों को भी प्राथमिकता दें, ताकि बड़ी इलायची को पर्याप्त छाया मिल सके। छाया वाले क्षेत्रों में बड़ी इलायची की खेती अच्छी होती है।

4. 10 साल देता है उत्पादन

बड़ी इलायची का पौधा एक बार लग जाए तो यह आपको कम से कम 10 साल तक पैदावार दे सकता है। बस आपको इसके वृद्धि तक पौधा का संरक्षण अवश्य करना चाहिए।

5.रोगों से बचाव

वैसे देखा गया है कि बड़ी इलायची के पौधों में रोग ज्यादा नहीं लगते हैं और पैदावार अच्छी होती है। फिर भी इसमें कुछ रोग जैसे फंगल रोग, सफेद मक्खी का प्रकोप, ब्रिंग लार्वा जैसे रोग लग जाते हैं। तो इसकी रोकथाम के लिए उपाय कर लेना चाहिए।

यदि आपको बड़ी इलायची में फंगल रोग के लक्षण दिखें तो इसकी रोकथाम के लिए बीज को ट्राइकोडर्मा से उपचारित कर खेत में लगाएं। साथ ही रोगग्रस्त पौधे को उखाड़कर फेंक दें। सफेद मक्खी का प्रकोप दिखाई तो कास्टिक सोडा और नीम के पानी को मिलाकर छिड़काव करें। ब्रिंग लार्वा से बचाव हेतु बेसिलस का छिड़काव करें।

6. खरपतवार से बचाव

बड़ी इलायची के पौधों को खरपतवार से बचाना आवश्यक है। अन्यथा खरपतवार मिट्टी से पोषक तत्वों को सोख कर पौधों की वृद्धि प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए समय-समय पर निंदाई गुड़ाई अवश्य करते रहें।

7. फसल

बड़ी इलायची प्राय: अक्टूबर या फिर नवंबर महीने में तैयार हो जाती है। फल पकने के बाद आप शाखा से कुछ दूरी बनाकर इसकी कटिंग करें और फिर फलों को छाया वाले स्थानों में ही सुखाएं, ताकि अच्छी गुणवत्ता वाला फल मिल सके।

8. भंडारण

बड़ी इलायची के सूखे फलों को अच्छी तरह पॉलीथीन पैक कर रखें। अच्छा होगा आप इसके लकड़ी के बक्से में रखें। और हां, फफूंद से इसे बचाना आवश्यक है।

9. बाजार मूल्य

मसाला की प्रमुख फसल बड़ी इलायची का बाजार मूल्य काफी अधिक है। वर्तमान में इसका बाजार मूल्य गुणवत्ता के अनुसार 1200 से 2000 प्रति किलो के आसपास है। इसलिए एक हेक्टेयर में आप 3 से 4 लाख रुपए आसानी से कमाई कर सकते हैं। इसलिए इसकी व्यावसायिक खेती मुनाफे वाली है।

Read More