सब्जियों की खेती के लिए काफी फायदेमंद है केंचुआ खाद
सब्जियों की खेती के लिए काफी फायदेमंद है केंचुआ खाद

सब्जियों की खेती और बिक्री दोनों ही समय पर हो तो फायदेमंद साबित होता है। क्योंकि सब्जियों का ज्यादा समय तक बचा कर रखा नहीं जा सकता और सही बाजार ना मिले तो उत्पादन लागत भी नहीं निकल पाता। इसलिए दोनों ही जरूरी है। इसके साथ ही सबसे ज्यादा जरूरी है सब्जियों में खाद का इस्तेमाल। बिना खाद के इस्तेमाल के सब्जियों की फसल में कीटों का प्रकोप हो जाता है और फसल ऐसे ही खराब हो जाती है। इसके साथ ही ज्यादा मात्रा में खाद का प्रयोग भी नुकसान देता है। लेकिन अब सब्जियों में केंचुआ खाद  की उपयोगिता लगातार बढ़ती जा रही है। क्योंकि इसके उपयोग से सब्जियां ज्यादा समय तक खराब नहीं होती और उपयोगी रहती है।

इसी कड़ी में चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने कुछ वर्षों पहले किसानों को केंचुआ खाद के महत्व को बताया और उसको बनाने का प्रशिक्षण दिया। एक माह चली ट्रेनिंग के बाद बिल्हौर तहसील के 20 किसान केंचुआ खाद से खेती करने को तैयार हुए। यह किसान पिछले तीन साल से केंचुआ खाद से खेती कर रहे हैं, अब इनका कहना है, जो फसल हमको खराब होने के डर से जल्दी बेचनी पड़ती थी। उसकी क्षमता में विकास हुआ है, वह चार से पांच और दिन स्वस्थ रहती है। साथ ही रासायनिक खादों से खेत की मिट्टी में उर्वरक क्षमता की कमी आई थी। उस कमी को केंचुआ खाद ने दूर कर दिया जो अब नहीं है।

आपको बता दें कि जैविक खादों से खेती करने पर मिट्टी की उत्पादन क्षमता बढ़ती है साथ ही खेती में पानी भी कम लगता है। 2017 में विश्व विद्यालय की एक परियोजना शुरू हुई थी, जिसके परिणाम बेहतर मिले हैं। वैसे केंचुआ खाद की उपयोगिता से अब धीरे-धीरे किसान भी परिचित हो रहे हैं और लगातार इसके उपयोग के लिए सामने आने लगे हैं।